आंत्र की जांच (बाउल स्क्रीनिंग) से आपकी जान बच सकती है 

क्या आपकी आयु 45-74 वर्ष है? डॉक्टर चाहते हैं कि आप मुफ्त आंत्र जांच टेस्ट करें

 

आंत्र की जांच (बाउल स्क्रीनिंग) से आपकी जान बच सकती है

डॉक्टर विक्टोरिया के 45 से 74 वर्ष की आयु के हिंदी भाषी समुदाय के लोगों को आंत्र कैंसर की जांच करवाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं ताकि वे इन लोगों को लंबा और स्वस्थ जीवन जी पाने में सहायता कर सकें।

विक्टोरिया के डॉ. शर्मा का कहना है कि हिंदी भाषी समुदाय के 45 से 74 वर्ष की आयु के लोगों को आंत्र जांच में भाग लेने की आवश्यकता है ताकि कैंसर के खतरे को कम किया जाए।

"बाउल स्क्रीनिंग (आंत्र जांच) आपके स्वास्थ्य के लिए वास्तव में महत्वपूर्ण है। हम चाहते हैं कि इसके लिए पात्र हर व्यक्ति इसे तुरंत करे। भले ही आप स्वस्थ महसूस करते हों, यह टेस्ट आपकी जान बचा सकता है,” (डॉ. शर्मा, मेलबर्न)

“यदि आपकी आयु 45 से 74 वर्ष के बीच है, तो आपको मुफ़्त आंत्र जांच टेस्ट अवश्य करना चाहिए और एक स्वस्थ जीवन जीना जारी रखना चाहिए,” (डॉ. शर्मा, मेलबर्न)

Dr Pallavi Sharma holding a bowel screening kit

आंत्र कैंसर से अपने स्वास्थ्य की रक्षा करें

हो सकता है कि आपको कोई लक्षण या संकेत न दिखाई दें और आप स्वस्थ महसूस करते हों, लेकिन हो सकता है कि आपको आंत्र (बाउल) कैंसर हो।

समुदाय में आंत्र का कैंसर होना आम है।

यह तब भी विकसित हो सकता है जब आप स्वस्थ आहार का सेवन करते हों, आपकी जीवनशैली सक्रिय हो और परिवार में इसका कोई इतिहास न हो।

हालांकि, आंत्र कैंसर के 90% से अधिक मामलों का शुरुआती चरण में पता चलने पर इसका सफलतापूर्वक इलाज किया जा सकता है।

क्या मैं आंत्र स्क्रीनिंग के लिए पात्र हूँ?

यदि आपकी आयु 45 से 74 वर्ष के बीच है, तो आप राष्ट्रीय आंत्र कैंसर स्क्रीनिंग कार्यक्रम के माध्यम से हर 2 साल में एक मुफ़्त आंत्र जांच टेस्ट कर सकते हैं।

  • 50 से 74 वर्ष की आयु के लोगों को हर दो साल में डाक में एक नि:शुल्क बाउल स्क्रीनिंग टेस्ट प्राप्त होगा।
  • 45 से 49 वर्ष की आयु के लोग नेशनल कैंसर स्क्रीनिंग रजिस्टर के माध्यम से अपनी पहली आंत्र स्क्रीनिंग किट डाक द्वारा भेजे जाने का निवेदन कर सकते हैं।

45 से 74 वर्ष की आयु के सभी पात्र लोग नि:शुल्क स्क्रीनिंग किट प्राप्त करने के बारे में अपने डॉक्टर से भी पूछ सकते हैं।

मैं यह टेस्ट कैसे करूं?

जब आपको टेस्ट किट मिले, तो उसे खोलकर देखें कि इसके अंदर क्या है।

इसमें एक फॉर्म है जिसमें आपको अपनी जानकारी भरनी होगी और इसमें टेस्ट करने के निर्देश भी दिए होते हैं।

आपको टेस्ट किट को बाथरूम में ले जाकर टॉयलेट के पास रखना चाहिए ताकि यह इस्तेमाल किए जाने के लिए तैयार हो

आपको मल के दो छोटे नमूने लेने होंगे, ये नमूने चावल के दाने से बड़े नहीं होने चाहिए।

नमूनों को एक छोटी ट्यूब में डालकर सीलबंद बैग में संभाल कर रखा जाता है।

यह टेस्ट जल्दी से किया जाने वाला, साफ-सुथरा और आसान है, और इसे करने से आपकी जान बच सकती है।

आपको हिन्दी में निर्देश यहाँ मिल सकते हैं, जिसमें आप यह देखेंगे कि टेस्ट कितना सरल है।

यह टेस्ट क्या जांचता है?

आंत्र जांच टेस्ट आपके मल में बहुत कम मात्राओं में रक्त के होने की जांच करता है, जो अक्सर दिखाई नहीं देते हैं। आपके मल में रक्त का होना आंत्र कैंसर का शुरुआती संकेत हो सकता है।

लक्षण दिखने या बीमार महसूस होने से पहले ही आंत के कैंसर का जल्दी पता लगाने से इसका इलाज करना आसान हो जाता है। आंत्र कैंसर की जांच करने से आपको अपने परिवार के साथ लंबे समय तक बने रहने में मदद मिल सकती है।

क्या आपका कोई सवाल है?

नेशनल बाउल कैंसर स्क्रीनिंग प्रोग्राम की वेबसाइट पर जाकर उनसे संपर्क करें।

नेशनल कैंसर स्क्रीनिंग रजिस्टर से यहां या फिर 1800 627 701 पर कॉल करके नई टेस्ट किट ऑर्डर करें।

और अधिक जानकारी के लिए नेशनल बाउल कैंसर स्क्रीनिंग प्रोग्राम सूचना पुस्तिका डाउनलोड करें।